कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई ने कहा है कि वह पूरे राज्य में समान नागरिक संहिता-यूसीसी पर जनमत संग्रह कराएगी। कांग्रेस के प्रदेश पार्टी अध्यक्ष ने यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर एक फॉर्म जारी किया है। उनका कहना है कि पार्टी सभी ज़िला, प्रखंड, नगर और पंचायत स्तर पर इसे भेजेगी। इसमें 15 प्रश्न पूछे गए हैं। कांग्रेस राज्य भर से एकत्रित डेटा ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी और मीडिया के सामने रखेगी।
उत्तराखंड के कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर दिया गया है पर आज भी राज्य के निवासी नहीं समझ पा रहे हैं कि इसकी आवश्यकता और उपयोगिता क्या है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह संहिता तो लिव इन रिलेशनशिप को बढ़ावा दे रही है जबकि भारत और देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति इसे बिल्कुल स्वीकार नहीं करती। कांग्रेस इसपर जनता की सहमति या असहमति जानने के लिए जनमत संग्रह करा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति कभी इसकी अनुमति नहीं देती कि बिना विवाह के सहवासी संबंध बनाए जाएं।











