राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा है बिहार में चुनाव नज़दीक आ रहे हैं और अब हर दिन कोई ना कोई नेता बिहार का दौरा करेगा। खूब नारे उछाले जाएंगे—बिहार में विकास की गाथा का प्रशस्ति गान होगा पर धरातल पर कुछ होना जाना नहीं है। इन राजग नेताओं का बिहार की प्रगति और विकास से कोई मतलब नहीं है। बिहार में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी ने शिकायती अंदाज में कहा है कि एनडीए नेताओं को सिर्फ चुनाव से मतलब है। वे केवल राज्य की जनता को भरमाते रहते हैं। तेजस्वी ने पूछा कि अगर ऐसा नहीं है तो बिहार को अब तक विशेष राज्य का दर्जा क्यों नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव तक बड़े-बड़े वादे और दावे किए जाएंगे और उसके बाद सब कुछ भूल जाएंगे। गरीब जनता की सुधि लेने वाला हमारे सिवा कोई नहीं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि जो लोग हमारे आरजेडी के पूर्व शासन को कोसते हैं वे बताएं कि क्यों पूरे राज्य में अपराधी किस कदर सक्रिय और बेखौफ हैं। तेजस्वी नें पूर्व विधायक अनंत सिंह से जुड़ी मोकामा फायरिंग की घटना को लेकर भी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध आम बात हो गई है और भ्रष्टाचार अब शिष्टाचार बन गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के पुत्र निशांत कुमार को अपना भाई बताते हुए कहा कि उन्हें यह सोचना होगा कि जो लोग उनके पिताजी नीतीश कुमार के साथ हैं वे पार्टी खत्म कर रहे हैं। शरद यादव जी की बनाई पार्टी को भाजपा हाइजैक करना चाहती है।
